Last Updated on September 29, 2026 by Gopi Krishna Verma
बरकुपी में दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान हुई थी युवक की हत्या, पुलिस ने गठित की थी एसआईटी

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरकुपी में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव, पिता अरुण यादव और अनुज कुमार यादव, पिता सुखदेव यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे बरकुपी में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान ऋतिक यादव उर्फ बड़बड़ी की हत्या की सूचना मिली थी। मामले में शिकायत के आधार पर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 270/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य के रूप में खून के नमूने वाले कपड़े, बांस की तीन लाठियां, एक पेड़ की डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी बरामद की हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।




