Last Updated on September 18, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। बेंगाबाद प्रखंड के सोनवाद पंचायत अंतर्गत डोमापहाड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी सेविका आशा देवी ने उपस्थित महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों को पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
सेविका ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने खान-पान, स्वच्छता तथा बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए अपनाई जाने वाली जरूरी सावधानियों पर भी चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान रंगोली बनाकर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में समता फेलो नवीन कुमार उर्फ नवीन राज टाइगर भी मौजूद रहे। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पोषण से संबंधित जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के खान-पान पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
इस दौरान नवीन राज टाइगर ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन मानव जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर और आसपास के क्षेत्र से करनी चाहिए। उन्होंने जंगलों की अवैध कटाई रोकने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की और कहा कि सामूहिक प्रयास से ही प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका चंचला वर्मा समेत कई ग्रामीण महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थीं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पोषण, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।




