Last Updated on September 16, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। देवरी प्रखंड अंतर्गत घोसे पंचायत की मुखिया लीलावती देवी के 28 वर्षीय पुत्र रंजन यादव का मंगलवार देर रात अपने घर के कमरे में फंदे से झूलता हुआ शव बरामद किया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घोसे पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक रंजन यादव मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके अचानक इस तरह चले जाने से उसकी पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों के सिर से सहारा छिन गया है।

आपसी कहा-सुनी के बाद उठाया कदम
मृतक की बहन प्रेमलता देवी के अनुसार, मंगलवार रात घर में किसी बात को लेकर आपसी कहा-सुनी हुई थी। इसकी सूचना देवरी पुलिस को दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बुझाकर मामला शांत करवा दिया था। पुलिस के जाने के बाद, करीब रात 11 बजे रंजन यादव ने कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे में कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो रंजन का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर बुधवार सुबह देवरी थाना के एसआई रिशु कुमार सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए गिरिडीह भेज दिया है। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। इधर, घटना के बाद स्थानीय लोग मुखिया के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।




