Last Updated on September 11, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा गांव में देर रात हथियारबंद बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चार अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने एक घर में घुसकर बंदूक की नोक पर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और करीब 3.05 लाख रुपये नकद व आभूषण लूटकर फरार हो गए।
परिजनों को गमछे से बांधकर की लूटपाट
पीड़ित गृहस्वामी त्रिभुवन भुइयां ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि देर रात मुंह पर मास्क लगाए और हथियारों से लैस चार अपराधी उनके घर में दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही अपराधियों ने परिवार के सभी सदस्यों को जगाया और हथियार का भय दिखाकर सभी के हाथ गमछे से बांध दिए।

बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने पूरे घर को खंगाला। वे घर में रखे कमिटी के 1 लाख 05 हजार रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूटकर मौके से फरार हो गए।
जांच में जुटी पुलिस, पूर्व विधायक ने भी लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। बगोदर-सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय कुमार राम, सरिया इंस्पेक्टर और बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और मामले की जानकारी ली।




