गिरिडीह के ‘विकास पुरुष’ पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन: राष्ट्रीय नाई महासभा ने दी श्रद्धांजलि
Last Updated on September 10, 2026 by Gopi Krishna Verma
मंत्री के निधन से अबतक नहीं उबर सके गिरिडीहवासी, क्षेत्र में अब आयोजित किए जा रहे शोक सभा

गिरिडीह। गिरिडीह के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने वाले पूर्व मंत्री और जनप्रिय नेता सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। गुरुवार को कृष्णानगर स्थित राष्ट्रीय नाई महासभा के तत्वावधान में एक भावुक शोक सभा का आयोजन किया गया, जहाँ उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
विकास कार्यों को हमेशा याद रखेगी जनता: कृष्ण मुरारी शर्मा
शोक सभा में श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए झामुमो नेता कृष्ण मुरारी शर्मा अत्यंत भावुक हो गए। उन्होंने सुदिव्य कुमार सोनू को गिरिडीह का ‘विकास पुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र को प्रगति के पथ पर लाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

कृष्ण मुरारी शर्मा ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि गिरिडीह में यूनिवर्सिटी, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, सोलर सिटी, मरीन ड्राइव, गिरिडीह-पचम्बा फोरलेन, खंडोली डैम व उसरी फॉल का सौंदर्यीकरण और 380 करोड़ रुपये की वृहद् पेयजल योजना जैसी दूरगामी परियोजनाएं उन्हीं की सोच का परिणाम थीं। वे एक ऐसे सर्वमान्य नेता थे जो सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलते थे।
नाई समाज और जनहित के प्रति थे समर्पित
राष्ट्रीय नाई महासभा के जिलाध्यक्ष नंदलाल शर्मा ने कहा कि गिरिडीह में जननायक कर्पूरी ठाकुर चौक का सौंदर्यीकरण सुदिव्य कुमार सोनू की ही देन है। उन्होंने गिरिडीह में कर्पूरी छात्रावास के निर्माण का भी आश्वासन दिया था, लेकिन दुर्भाग्यवश वे असमय ही सभी को छोड़कर चले गए।
श्रद्धांजलि देते हुए हीरा देवी ने कहा कि जनहित में किए गए उनके अभूतपूर्व कार्यों के लिए गिरिडीह की जनता सदैव उनकी ऋणी रहेगी और उन्हें कभी भुला नहीं पाएगी।

शोक सभा में उपस्थित गणमान्य लोग
इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा। शोक सभा में मुख्य रूप से शकलदेव शर्मा, हीरा देवी, अर्जुन शर्मा, बसंत ठाकुर, मिट्ठू ठाकुर, सहदेव ठाकुर, मुकेश ठाकुर, प्रकाश शर्मा, अर्जुन ठाकुर, राजू ठाकुर, श्यामसुंदर ठाकुर, सुनील ठाकुर, राम कुमार शर्मा, बासुदेव ठाकुर, अशोक शर्मा, बीरेंद्र ठाकुर, प्रेम शर्मा सहित समाज के कई गणमान्य लोग और नागरिक उपस्थित थे।
