Last Updated on September 9, 2026 by Gopi Krishna Verma
दीप प्रज्वलन के साथ जीडी बगेड़िया में हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

गिरिडीह। गिरिडीह स्थित जीडी बगेड़िया संस्थान (चैताडीह) में शैक्षणिक सत्र 2026-28 के DMLT, DOTA और X-RAY पाठ्यक्रम के नवागंतुक छात्रों के लिए बुधवार को एक दिवसीय दीक्षारंभ (इंडक्शन) समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विकास कुमार माथुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं पैरामेडिकल स्टाफ: डॉ. विकास माथुर
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. माथुर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में पैरामेडिकल स्टाफ की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है। डॉक्टरों के साथ-साथ मरीजों के इलाज में इनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने नए विद्यार्थियों को पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ अपने करियर की शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।

छात्रों को मिलेगा आधुनिक लैब और व्यावहारिक ज्ञान: पीयूष सजल
कॉलेज के निदेशक अजय बगेड़िया की ओर से मुख्य प्रबंधक पीयूष सजल ने सभी नए छात्र-छात्राओं का स्वागत किया और उन्हें संस्थान की गौरवशाली परंपरा से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कॉलेज छात्रों को आधुनिक प्रयोगशालाओं (लैब) और अनुभवी शिक्षकों के माध्यम से उच्च कोटि का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
नियमों और परीक्षा प्रारूप की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य व मुख्य प्रबंधक ने छात्रों को संस्थान के अनुशासन, कॉलेज के नियमों, पाठ्यक्रम और आगामी परीक्षाओं के प्रारूप के बारे में विस्तार से जानकारी दी, ताकि छात्र अपने अध्ययन को सुचारू रूप से आगे बढ़ा सकें।
समारोह में गणमान्य लोग और छात्र रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन सेवता कैडिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लवली मिश्रा द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के अलावा अनंत कुमार राय, अनिल कुमार कुशवाहा, आलोक कुमार मिश्रा, पवन कुमार यादव, सुश्री नवेली, बरतन खेतान, वासस्थित मिश्रा, स्नेहा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, ईशा केडिया, डॉ. राकेश रंजन और डॉ. पूजा रंजन सहित कॉलेज के कई शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।




