Last Updated on August 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। कुशवाहा संघ की ओर से रविवार को लव-कुश जयंती के अवसर पर शहर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में कुशवाहा समाज के हजारों की संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बड़े ही उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भाग लिया। पूरा शहर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम और उनके पुत्रों लव-कुश के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
शोभायात्रा की शुरुआत शहर के ऐतिहासिक झंडा मैदान से हुई। इस दौरान भगवान लव-कुश के जीवन से जुड़ी मनोरम झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। झंडा मैदान से शुरू होकर यह यात्रा टावर चौक होते हुए जननायक रीतलाल वर्मा चौक पहुंची, जहां उपस्थित लोगों ने जननायक रीतलाल वर्मा की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

शहर के विभिन्न मार्गों पर स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए सिहोडीह स्थित कुशवाहा छात्रावास भवन पहुंची, जहां मुख्य समारोह का आयोजन किया गया।
कुशवाहा छात्रावास परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की धूम रही। यहां स्थानीय कलाकारों द्वारा नृत्य, नाटक और छः विशेष झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, संघ अध्यक्ष इंद्रनारायण वर्मा, कौलेश्वर वर्मा, मुन्ना कुशवाहा, नरेश वर्मा, पवन वर्मा, बैजनाथ वर्मा, मनोज कुमार, मनीष वर्मा, विनय सिंह, डॉ. कुलदीप वर्मा, डॉ. श्यामकांत वर्मा, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रवि रंजन सहित समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




