Last Updated on August 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह सदर प्रखंड समिति (पूर्वी भाग) की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को उत्सव उपवन में आयोजित की गई। केंद्रीय एवं जिला कमिटी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में ‘खान और खनिज विकास एवं विनियमन’ (MMDR) संशोधन विधेयक के खिलाफ आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई और संगठन की मजबूती पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय कमिटी के सदस्य सह झारखंड युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया MMDR संशोधन विधेयक झारखंड के लिए एक ‘काला कानून’ है, जिससे राज्य को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस कानून के दुष्परिणामों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाकर लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि आगामी 7 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित होने वाले विशाल धरना प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाया जा सके।

झामुमो जिला सह सचिव दिलीप रजक ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य की जनता इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने हर बूथ स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत पर बल दिया। वहीं प्रखंड अध्यक्ष प्रधान मुर्मू ने सभी पंचायत अध्यक्षों और सचिवों को बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
अंकित कुमार सहाय बने मीडिया प्रभारी
संगठनात्मक मजबूती और मीडिया समन्वय को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बैठक के दौरान अंकित कुमार सहाय को झामुमो सदर प्रखंड समिति (पूर्वी भाग) का नया मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें पट्टा एवं नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। नवनियुक्त मीडिया प्रभारी अंकित कुमार सहाय ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की नीतियों और जमीनी गतिविधियों को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से काम करेंगे।

इस बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड सचिव सरफुद्दीन अंसारी, उपाध्यक्ष प्रकाश यादव, गयासुद्दीन बुल्लू, आजाद आलम, विकास तिवारी, राजू तुरी, योगेंद्र सिंह, मो. वारिस, श्यामलाल टुडू, बबलू अंसारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।




