Last Updated on August 28, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। JPSC और JSSC परीक्षा धांधली मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की कार्रवाई तेज होती नजर आ रही है। CID की टीम ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में लगातार दबिश बना रखी है। गुरुवार रात स्थानीय पुलिस के सहयोग से CID ने JSSC CGL परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले एक अभ्यर्थी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिया गया अभ्यर्थी JSSC CGL परीक्षा में सफल होने के बाद रांची स्थित राज्य सचिवालय में अपनी सेवा दे रहा था। कार्रवाई के दौरान CID टीम ने अभ्यर्थी के सभी शैक्षणिक दस्तावेज और मोबाइल फोन को अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, CID की टीम अभ्यर्थी को लेकर कहां गई है, इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
कार्रवाई के दौरान बेंगाबाद में टीम के सदस्यों को महिलाओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा।
मास्टरमाइंड से जुड़े तारों की जांच
इससे पहले भी CID की टीम ने इस मामले के कथित मास्टरमाइंड अभय तिवारी के हथबोर स्थित ससुराल में छापेमारी की थी। CID ने अभय तिवारी के ससुर विकास पांडेय को हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की थी, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद बीते मंगलवार को भी टीम ने हथबोर गांव पहुंचकर फिर से उनसे पूछताछ की थी।

सचिवालय में तैनात अभ्यर्थी के अचानक CID द्वारा उठाए जाने के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।




