Last Updated on August 26, 2026 by Gopi Krishna Verma
केवाईसी के लिए एपीके फाइल भेज करते थे ठगी

गिरिडीह। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में पुलिस ने साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को गुप्त सूचना मिली थी कि सिहोडीह स्थित बिरेन्द्र पाण्डेय के मकान में बैठकर कुछ साइबर अपराधी फोन के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहे हैं।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी पुनि रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज मंडल (19), मोहन मंडल (19), दोनों ग्राम बोरोटाड़, थाना ताराटांड़ तथा सोनु कुमार (18), ग्राम मानसिंहडीह, थाना बेंगाबाद के रूप में हुई है।


विभिन्न योजनाओं के लिए केवाईसी अपडेट लिंक भेज कर रहे थे ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी आंगनबाड़ी का फर्जी नोटिस, गैस बिल अपडेट करने के नाम पर gas bill update-2.apk, गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं के ई-केवाईसी से संबंधित फर्जी नोटिस तथा महानगर गैस लिमिटेड और IGL गैस कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने के फर्जी संदेश भेजकर साइबर ठगी करते थे।
इन वस्तुओं की हुई बरामदगी
छापेमारी में 8 मोबाइल, 6 सिम कार्ड और 1 लैपटॉप बरामद किया गया। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 27/2026, दिनांक 25.08.2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।




