Last Updated on August 25, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त रामनिवास यादव की नजर एक बुजुर्ग महिला पर पड़ी। उपायुक्त ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला से बातचीत कर उनकी परेशानी एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली।
बातचीत के क्रम में महिला की समस्याओं से अवगत होने के साथ-साथ उपायुक्त ने उनके स्वास्थ्य एवं हालचाल की भी जानकारी ली। बुजुर्ग महिला, कमला देवी (ग्राम बुधुडीह, पोस्ट बुधुडीह, जिला गिरिडीह) ने बताया कि उन्हें अब तक पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही उन्हें सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि माता जी को पात्रता के अनुरूप पेंशन योजना से सात दिनों के भीतर लाभान्वित किया जाए तथा यदि कोई पेंशन राशि लंबित है, तो नियमानुसार उसका अविलंब भुगतान सुनिश्चित किया जाए। ऐसे प्रयासों से पात्र लाभुकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन की दिशा में प्रभावी कदम सुनिश्चित होते हैं।




