Last Updated on July 14, 2026 by Gopi Krishna Verma
सीसीटीवी में भी पत्थर बरसने के कारणों का नहीं हो रहा खुलासा, रतजगा कर पुलिस का पहरा भी बेकार

सोनबाद के इसी घर पर बरस रहे ईट-पत्थर।
एक नज़र:
- ईट-पत्थर के बारिश को लोग अब अंधविश्वास से जोड़कर देख रहे।
- दिन में भी बरस रहे ईट-पत्थर लोगों में घोर आश्चर्य।
- पुलिस भी घटना के उद्भेदन में हो रहे फेल।
गिरिडीह। जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में पिछले एक सप्ताह से एक घर पर लगातार ईट-पत्थर बरस रहे हैं। दिन हो या रात, छत पर पत्थरों की बौछार नहीं रुक रही। इस रहस्यमयी घटना ने गृहस्वामी और पुलिस प्रशासन दोनों की नींद उड़ा दी है। 5-6 दिनों से पुलिस टीम गांव में कैंप कर जांच में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

सात दिनों से पुलिस कर रही कैंप, रिजल्ट शुन्य
सोनबाद गांव निवासी रेणू देवी व पुत्र राहुल राय के घर में पिछले एक सप्ताह से अजीबोगरीब घटना घट रही है। गृहस्वामी का आरोप है कि उनके मकान पर दिन-रात ईट और पत्थरों की बरसात हो रही है। शाम ढ़लते ही यह सिलसिला और तेज हो जाता है। लगातार पत्थरबाजी से घर का एस्बेस्टस की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद पुलिस पिछले 5-6 दिनों से घटनास्थल पर कैंप कर रही है। थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम दिन-रात जांच में लगी है, लेकिन इस रहस्य की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ पाई है।

पुलिस की जांच अब तक बेनतीजा
पुलिस ने मामले के तह तक जाने के लिए घर के आसपास की झाड़ियों को कटवाया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली। शरारती तत्वों को डराने के लिए रात में फायरिंग के नाम पर पटाखे भी फोड़े गए, ताकि अगर कोई छिपकर पत्थर फेंक रहा हो तो वह सामने आ जाए। लेकिन इन सब प्रयासों के बावजूद पत्थर गिरने का सिलसिला नहीं रुका।
“पुलिस की मौजूदगी में भी ईट-पत्थर के टुकड़े गिरते देखे गए हैं। आसपास के पूरे इलाके को छान मारा गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गृहस्वामी इस वारदात से बुरी तरह भयभीत हैं। पत्थरबाजी के साथ-साथ घर से सामान भी गायब होने लगे हैं। नल खोलकर फेंक दिया जाता है, ब्रश-टूथपेस्ट जैसी छोटी-छोटी चीजें भी गायब हो जा रही हैं। पुलिस ने झाड़ियों से कुछ घरेलू सामान बरामद भी किया है। घटना के बाद घर में सीसीटीवी कैमरा भी लगाया गया; लेकिन कैमरे में भी कोई संदिग्ध व्यक्ति या घटना कैद नहीं हो पाई है।
-अमन कुमार सिंह, थाना प्रभारी बेंगाबाद
source: livehindustan.com




