आर्ट ऑफ गिविंग’ द्वारा 13वें अंतरराष्ट्रीय स्थापना दिवस पर “शेयर टू शाइन” थीम के अंतर्गत आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
Last Updated on May 10, 2026 by Gopi Krishna Verma
सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में हेलमेट वितरण एवं जागरूकता संदेश देकर लोगों को किया गया प्रेरित

बिरनी। आर्ट ऑफ गिविंग द्वारा 13वें अंतरराष्ट्रीय स्थापना दिवस के अवसर पर “शेयर टू शाइन” थीम के अंतर्गत बिरनी प्रखंड के बरहमसिया चौक में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता एवं युवाओं के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना तथा सुरक्षित यातायात के नियमों के पालन हेतु प्रेरित करना था।

ज्ञात हो कि आर्ट ऑफ गिविंग की स्थापना 17 मई 2013 को प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ. अच्युत सामंत द्वारा की गई थी। वे कीट विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर एवं किस विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। आर्ट ऑफ गिविंग मानवता, सेवा, प्रेम एवं खुशियों को फैलाने वाला एक वैश्विक जनआंदोलन है।कार्यक्रम के दौरान लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक जिम्मेदारी है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग अनेक दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों एवं मौतों को रोक सकता है।इस अवसर पर जरूरतमंद लोगों के बीच हेलमेट वितरण किया गया तथा वाहन चालकों एवं आम नागरिकों के बीच फूल वितरित कर सुरक्षित यातायात अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रेडियम एवं रिफ्लेक्टर से निर्मित त्रिकोणीय सुरक्षा प्रतीक (मोमेंटो) रहा, जिसे सड़क सुरक्षा जागरूकता के प्रतीक स्वरूप तैयार किया गया था। यह विशेष मोमेंटो राज्य समन्वयक जितेन्द्र कुमार द्वारा मुख्य अतिथि श्री आकाश सिंह भारद्वाज को सम्मान स्वरूप प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी बिरनी श्री आकाश भारद्वाज उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि बिरनी देवनाथ राणा, जिला मंत्री भाजपा लक्ष्मण दास, मुखिया सिमराढाब दिलीप रविदास, ब्रह्मसिया पंचायत के पूर्व मुखिया प्रेमचंद प्रसाद कुशवाहा उपस्थित रहे।
इंपीरियल पब्लिक स्कूल के निर्देशक नागेश्वर प्रसाद, चंद्रशेखर वर्मा, प्रधानाध्यापक रोहित कुमार, अशोक वर्मा, सुनील वर्मा, सहित विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। मंच संचालन सचिन कुमार और जितेन्द्र कुमार के द्वारा किया गया।कार्यक्रम के अंत में सड़क दुर्घटनाओं में अपने प्राण गंवाने वाले दिवंगत लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
