जीटी रोड पर सघन जांच के दौरान डुमरी व निमियाघाट थाना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने पर तीन भारी वाहन जब्त

0

Last Updated on May 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

जिले में सड़क सुरक्षा एवं अवैध परिवहन पर नियंत्रण को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया

गिरिडीह। शुक्रवार को जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा एवं अवैध परिवहन पर नियंत्रण को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जीटी रोड पर संचालित इस सघन जांच अभियान के दौरान डुमरी एवं निमियाघाट थाना क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करते पाए गए तीन भारी वाहनों को जब्त किया गया।

जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक कागजातों की गहन जांच की गई। कई वाहनों में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई, वहीं गंभीर अनियमितता पाए जाने पर तीन भारी वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई प्रारंभ की गई।

अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग, बिना वैध कागजात एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील किया कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जीटी रोड पर लगातार बढ़ती वाहनों की आवाजाही को देखते हुए परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा। इससे न केवल अवैध परिवहन गतिविधियों पर रोक लगेगी, बल्कि आम लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था भी उपलब्ध हो सकेगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *