रात के बारह बजे कॉल कर बुलाया फिर हमला कर उतारा मौत का घाट
Last Updated on April 28, 2026 by Gopi Krishna Verma
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र के आजाद नगर के चदरा पुल के पास की घटना

गिरिडीह। पचंबा थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर के चदरा पुल के पास सोमवार देर रात एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय तौफिक अंसारी के रूप में हुई है, जिसे उसके ही परिचितों ने कथित तौर पर फोन कर मौके पर बुलाया और फिर हमला कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तौफिक के मोबाइल पर एक जान-पहचान वाले का कॉल आया। कॉल के बाद वह अपने दो दोस्तों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथ बहस और गाली-गलौज शुरू कर दी, जो देखते-ही-देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने तौफिक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर कई वार किए। उसके साथ गए अन्य युवक किसी तरह मौके से भाग निकले और घरवालों को सूचना दी।
जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो तौफिक गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ा था। बताया जा रहा है कि उसने दम तोड़ने से पहले हमलावरों के नाम भी बताए, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में मौजूद है। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि हमलावरों ने पहले उसके पैर में गोली मारी और फिर धारदार हथियार से हमला किया। हालांकि, पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।बताया जाता है मृतक कुछ दिन पूर्व ही जेल से बाहर आया था।
