बजटो में गोलगप्पे खाने से दर्जन भर महिलाएं बीमार, एक बच्चे की मौत
Last Updated on April 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। सदर प्रखंड के बजटो पंचायत अंतर्गत बजटो टोला में रविवार शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गोलगप्पा खाने के बाद दर्जन भर से अधिक महिलाएं और बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। सभी पीड़ितों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।

मृतक का नाम किशोर वर्मा का पुत्र कृष्णा कुमार बताया जा रहा है।घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप और भय का माहौल है। सदर अस्पताल में भी अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिली। सूचना मिलते ही सदर प्रखंड के बीडीओ गणेश रजक सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हाल-चाल जाना। ग्रामीणों के अनुसार, एक गोलगप्पा विक्रेता पंचायत क्षेत्र के आसपास के इलाकों में गोलगप्पा बेच रहा था। उसी दौरान कई महिलाओं और बच्चों ने गोलगप्पा खाया, जिसके कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

फिलहाल एक बच्चे की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि दर्जनों बच्चे और महिलाएं अभी भी बीमार हैं और उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बीमारी के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मौके पर पूर्व विधायक प्रो. जयप्रकाश वर्मा परिजनों से हालचाल जाना ओर सीएस से बातचीत किया।
