AIIMS देवघर में ऑनलाइन के साथ नकद भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग

0

Last Updated on April 26, 2026 by Gopi Krishna Verma

सूचनाधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने निदेशक, एम्स, देवघर को भेजा पत्र

गिरिडीह। AIIMS देवघर में ऑनलाइन भुगतान के साथ-साथ नकद भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने देवघर एम्स के निदेशक को एक पत्र भेज कर सुझाव दिया है कि देवघर एम्स में ऑनलाइन भुगतान सहित नगद धनराशि भी जमा करने का विकल्प अविलंब उपलब्ध कराया जाए।

खंडेलवाल ने अपने पत्र में कहा है कि एम्स देवघर के काउंटर संख्या – 12, 13 सहित अन्य काउंटरों पर भुगतान हेतु आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को केवल ऑनलाइन माध्यम से राशि जमा करने के लिए कहा जा रहा है तथा नगद भुगतान स्वीकार नहीं किया जा रहा है।

खंडेलवाल ने अपने पत्र में आगे कहा है कि AIIMS देवघर में गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, दुमका एवं आसपास के अनेक ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज हेतु आते हैं। इनमे से कई लोगों के पास न तो स्मार्टफोन उपलब्ध होता है और न ही वे ऑनलाइन भुगतान की प्रक्रिया से परिचित होते हैं। साथ ही, AIIMS देवघर परिसर के कई क्षेत्रों में इंटरनेट की सीमित उपलब्धता भी एक प्रमुख समस्या है। ऐसी स्थिति में उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों एवं असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

खंडेलवाल ने मामले की आवश्यक जांच कराते हुए ऑनलाइन भुगतान के साथ-साथ नगद भुगतान की सुविधा भी पुनः उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि सभी वर्गों के मरीजों को सहज एवं सुगम सेवा प्राप्त हो सके। AIIMS देवघर की इस संवेदनशील पहल से निस्संदेह आमजन को अत्यंत राहत मिलेगी और संस्थान के प्रति विश्वास एवं सम्मान और अधिक सुदृढ़ होगा।

खंडेलवाल के इस पत्र पर आवश्यक कार्रवाई हेतु श्री अरविंद ठाकुर, उप सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नई दिल्ली के पास भेज दिया गया है। व्यापक जनहित में खंडेलवाल ने भरोसा जताया है कि मामले में जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर ली जाएगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *