नशे की हालत में गोली चलाने वाले पुलिस की गिरफ्त में
Last Updated on March 24, 2026 by Gopi Krishna Verma
घटना बीते सोमवार की है, जब नशे की हालत में पिस्टल जांच के दौरान गोली चल गई थी और एक व्यक्ति घायल हो गया था

गिरिडीह। जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झरघट्टा गांव में नशे की हालत में पिस्टल से छेड़छाड़ के दौरान चली गोली से 38 वर्षीय चंद्र मरिक उर्फ चौहान (जामबाद, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने घटना का महज चार घंटे के अंदर खुलासा कर आरोपी जागेश्वर मरिक उर्फ छोटका को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा गोली बरामद हुई। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे चंद्र मरिक काम से लौटने के बाद अपने दो साथियों संग झरघट्टा गांव पहुंचा। यहां तीनों ने शराब पी। इसी दौरान नशे में धुत आरोपी छोटका ने अपनी पिस्टल निकालकर जांचने लगा कि उसमें गोली है या नहीं। लापरवाही से गोली छूट गई, जो चंद्र मरिक के पेट में जा लगी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गांडेय थाने में कांड संख्या 12/26 दर्ज कर जांच शुरू हुई। एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गिरिडीह की अगुवाई में टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

आरोपी की निशानदेही पर देशी पिस्टल, मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली और खोखा बरामद हुआ। हथियार मामले में कांड संख्या 13/26 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज। इस अभियान में एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक, थाना प्रभारी और जवान शामिल थे।
