खोरीमहुआ: रामनवमी व चैती दुर्गा में विधि व्यवस्था के संधारण के लिए गुगल मीट पर हुई पदाधिकारियों की मीटिंग
Last Updated on March 24, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। रामनवमी एवं चैती दुर्गा पूजा-2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण एवं आवश्यक तैयारियों की समीक्षा हेतु सोमवार देर शाम को गूगल मीट के माध्यम से एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। उक्त बैठक की अध्यक्षता अनिमेष रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ द्वारा की गई, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी पुलिस निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी एवं सभी ओपी प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में पर्व-त्योहार के मद्देनजर विधि-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थलों की पहचान, पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अफवाहों पर नियंत्रण रखने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि अपने-अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों पर आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग, मंच, पंडाल, जेनरेटर, सीसीटीवी, ड्रोन कैमरा एवं वीडियोग्राफी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके एवं प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
यह भी निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आम जनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतते हुए शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही, सभी को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करने एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रशासन द्वारा आम जनता से भी अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें एवं किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन का सहयोग करें, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
