खोरीमहुआ चौक से अवैध पत्थर लदे दो हाइवा जब्त

0

Last Updated on February 14, 2026 by Gopi Krishna Verma

खोरीमहुआ। अनुमंडल क्षेत्र खोरीमहुआ अंतर्गत अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन के नेतृत्व में तथा अंचल अधिकारी, धनवार यशवंत कुमार सिन्हा की उपस्थिति में धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरीमहुआ चौक पर संयुक्त जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पत्थर लदे ओवरलोडिंग के दो हाईवा वाहन (1) JH01CK8225 एवं (2) JH02BL5454 को रोककर सघन जांच की गई। जांच के क्रम में वाहन चालकों से खनिज परिवहन से संबंधित वैध चालान, परिवहन चालान (ई-चालान), माइनिंग परमिट एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की मांग की गई, किन्तु चालक द्वारा कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया। प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनिज परिवहन एवं ओवरलोडिंग का प्रतीत होने पर दोनों वाहनों को विधिसम्मत कार्रवाई हेतु जब्त करते हुए सुसंगत धाराओं के तहत धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई तथा उक्त दोनों वाहनों को थाना प्रभारी, धनवार को सुपुर्द कर दिया गया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन द्वारा नियमित रूप से छापामारी एवं जांच अभियान चलाया जाएगा। खनिज संसाधन राज्य की संपत्ति है तथा इसके अवैध दोहन से राजस्व की क्षति होती है, जिसे रोकना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा संबंधित थाना एवं अंचल प्रशासन को नियमित जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है।

अंचल अधिकारी, धनवार यशवंत कुमार सिन्हा ने बताया कि “ओवरलोडिंग एवं बिना वैध कागजात के खनिज परिवहन न केवल अवैध है, बल्कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर खतरा उत्पन्न करता है। खनन अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गई है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *