जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने नवडीहा ओपी क्षेत्र के तीन सड़कों का किया शिलान्यास

0

Last Updated on February 13, 2026 by Gopi Krishna Verma

सियाटांड़ में खुलेगा बैंक शाखा: मंजु कुमारी

नवडीहा। नवडीहा ओपी क्षेत्र के सियाटांड़ पंचायत के गोसाईडीह पीडब्ल्यूडी पथ से हारोडीह होते हुए सुरजुगादी तक (4.1किमी), कुरहोबिंदो गम्हारडीह पथ भीखोडीह से परांचीडीह तक (2.6 किमी) व सियाटांड़ चौक से चौरा तक(2.1किमी) कुल 8.8 किमी सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास शुक्रवार को जमुआ विधायक मंजु कुमारी व भाजपा जिलाध्यक्ष(ग्रा.) महेंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से पर्दा हटा कर व नारियल फोड़कर किया।

विधायक ने गोल्हैया में विधायक मद से लगे सोलर स्ट्रीट लाइट का भी उद्घाटन किया। इस दौरान सियाटांड़ चौक से गोसाईडीह तक जमुआ विधायक दर्जनों समर्थकों के साथ पैदल चले। ग्रामीणों में इस दौरान भारी उत्साह देखा गया।

बताते चलें कि उक्त तीनों सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में था, जिसकी मरम्मती की मांग स्थानीय लोगों द्वारा किया जा रहा था। सड़क निर्माण कार्य दमास कंपनी द्वारा किया जा रहा है।

तीनों सड़कों का शिलान्यास करने के पश्चात् गोसाईडीह स्थिति स्वास्थ्य उपकेंद्र प्रांगण में जनसभा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने कहा कि वर्तमान में झारखंड में कोई भी संवेदक फंड के आभाव में कार्य नहीं करना चाहते है। बावजूद उन्होंने अथक प्रयास से संवेदक कार्य करने को राजी हुए। कहा जल्द ही सियाटांड़ चौक पर पंजाब नेशनल बैंक की शाखा खोला जाएगा। साथ ही गोसाईडीह स्थिति स्वास्थ्य उपकेंद्र में चिकित्सक के लिए सिविल सर्जन से बात करेंगी।

महेंद्र वर्मा ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व में जमुआ विधानसभा का में चहुंमुखी विकास हो रहा है। सियाटांड़ पंचायत के गोसाईडीह ग्रामीण गली का निर्माण शीघ्र डीएमएफटी से किया जाएगा। वहीं सियाटांड़ चौक पर सड़क के दोनों ओर स्ट्रीट लाइट लगाया जाएगा। सांसद प्रतिनिधि धनेश्वर वर्मा ने विधायक से नवडीहा ओपी क्षेत्र के हारोडीह में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग की।

इस दौरान विशेश्वर शर्मा, दीनदयाल वर्मा, उमेश वर्मा, विनय वर्मा, सत्यदेव राय, सचिन वर्मा, राजेंद्र वर्मा, किशुन वर्मा नेताजी, बीरेंद्र यादव, संजय वर्मा, गोविंद वर्मा सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *