मेरा युवा भारत द्वारा “बजट क्वेस्ट 2026” का राष्ट्रव्यापी आयोजन, युवाओं को प्रधानमंत्री के समक्ष बजट पर विचार रखने का सुनहरा अवसर

0

Last Updated on February 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “बजट क्वेस्ट 2026” नामक राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम विकसित भारत बजट 2026 को केंद्र में रखते हुए युवाओं को नीति संवाद से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑनलाइन बजट क्वेस्ट क्विज में भाग ले सकते हैं। क्विज में प्रदर्शन के आधार पर युवाओं का चयन राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली निबंध प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जिसमें प्रतिभागियों को बजट 2026 से संबंधित निर्धारित थीमों में से किसी एक विषय पर निबंध प्रस्तुत करना होगा।

राज्य स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा, जहाँ उन्हें माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष बजट 2026 से संबंधित अपने विचार, सुझाव एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा।

उल्लेखनीय है कि इस कार्यक्रम को देशभर में व्यापक उत्साहपूर्ण सहभागिता प्राप्त हो रही है तथा अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 50,000 से अधिक युवाओं द्वारा इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभागिता दर्ज की जा चुकी है।

कार्यक्रम में भाग लेने के लिए इच्छुक युवा mybharat.gov.in/quiz पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 17 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा सभी पात्र युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अभिनव पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सार्थक भूमिका निभाएं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed