तिसरी: अवैध कोयला परिवहन के विरुद्ध प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 35 टन कोयला लदा ट्रक जब्त

0

Last Updated on January 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, गिरिडीह के निदेश के आलोक में जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ अनिमेष रंजन के निदेश में अंचल अधिकारी, तिसरी के नेतृत्व में दिनांक 29.01.2026 की रात तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अवैध कोयला परिवहन के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अंचल अधिकारी, तिसरी अखिलेश प्रसाद, खान निरीक्षक गिरिडीह विश्वनाथ उरांव एवं थाना प्रभारी, तिसरी की संयुक्त टीम द्वारा खिजरी चौक के समीप एक ट्रक को जांच हेतु रोका गया। जांच के क्रम में पाया गया कि उक्त ट्रक (वाहन संख्या– JH 09AP–0278) में अवैध रूप से कोयला लदा हुआ है।

जांच के दौरान ट्रक में लगभग 35 टन कोयला पाया गया। संबंधित चालक/परिवहनकर्ता द्वारा कोयला खनिज के वैध उठाव एवं परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके उपरांत संयुक्त टीम द्वारा उक्त ट्रक एवं कोयला को तत्काल जब्त कर लिया गया।

इस मामले में कोयला खनिज के अवैध उठाव एवं परिवहन को लेकर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत तिसरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी, खोरीमहुआ श्री अनिमेष रंजन ने कहा कि अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसको लेकर अनुमंडल प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं अंचल अधिकारी, तिसरी अखिलेश प्रसाद ने बताया कि जिला प्रशासन एवं अनुमंडल प्रशासन के निर्देशानुसार अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *