बगोदर के बेको से अज्ञात युवती का अधजला शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

0

Last Updated on January 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शुक्रवार को गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के बको के बंगाली टोला गांव में एक युवती का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस टीम भारी संख्या में जवानों के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने गांव के पास एक युवती का अधजला शव देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव आंशिक रूप से जला हुआ है। मृतका की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और युवती की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।

घटना के बाद एहतियातन घटनास्थल पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ न हो सके। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दो दिन पुराना है शव: थाना प्रभारी

इस संबंध में बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से युवती की मौत हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *