बड़ी ख़बर: गिरिडीह में स्विफ्ट कार से एक करोड़ के चांदी के आभूषण व सिल्ली बरामद

0

Last Updated on January 20, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर धनवार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब एक करोड़ रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण एवं चांदी की सिल्ली बरामद की है।

इस मामले में धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत परसन ओपी निवासी हजरत अंसारी को गिरफ्तार किया गया है, जिससे आवश्यक पूछताछ की जा रही है।सोमवार को समाहरणालय स्थित आरक्षी अधीक्षक कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हजरत अंसारी स्विफ्ट डिजायर कार से चांदी के आभूषणों की एक बड़ी खेप खपाने के लिए धनवार के रास्ते कहीं जा रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद खोरी महुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में धनवार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन की जांच की, जिसमें भारी मात्रा में चांदी के आभूषण और सिल्ली बरामद की गई।

बरामद सामग्री में चांदी की 6 पीस सिल्ली, चांदी की पायल 42 जोड़ा, चांदी की चेन 13 पीस, चांदी का ब्रेसलेट 6 पीस, चांदी का पान पत्ता 12 पीस, चांदी का कड़ा 3 जोड़ा तथा चांदी की बिछिया 44 जोड़ा शामिल है। इन सभी का कुल वजन 35.351 किलोग्राम बताया गया है। शराफा बाजार में इसकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

एसपी ने बताया कि चांदी की यह खेप कहां खपाई जानी थी और इस तस्करी में गिरफ्तार अभियुक्त के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी गहन जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में मुख्य रूप से धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल, परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार, घोड़थबा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल, पुलिस अवर निरीक्षक नवल किशोर शर्मा, विजेंद्र सिंह, अनिल उरांव सहित धनबाद थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *