जेएलकेएम के बैनर तले सदर अस्पताल परिसर में आउटसोर्सिंग कर्मियों का सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
Last Updated on January 16, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। शुक्रवार को गिरिडीह में जेएलकेएम के बैनर तले सदर अस्पताल परिसर में आउटसोर्सिंग कर्मियों ने सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। धरना पर बैठे कर्मियों ने कहा कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनरत कर्मियों का आरोप है कि लंबे समय से बकाया वेतन, ईपीएफ, ईएसआई सहित पूर्व में की गई सभी कटौतियों का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा सरकार द्वारा निर्धारित समय पर वेतन और बोनस का भी भुगतान नहीं हो रहा है, जिससे कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
धरनार्थियों की प्रमुख मांगों में सभी पदों पर कार्यरत कर्मियों को नियुक्ति पत्र देने, तकनीकी डिग्रीधारी कर्मियों को कुशल कामगार श्रेणी में रखकर उचित वेतन भुगतान करने, तथा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।इसके साथ ही अनुत्रिन कंप्यूटर ऑपरेटर के स्किल टेस्ट का परिणाम जारी कर पद बहाल करने और सिविल सर्जन द्वारा सभी प्रखंडों के प्रभारियों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक उपस्थिति (एबसेंटी) पर हस्ताक्षर के लिए बाध्य करने की भी मांग की गई है, ताकि समय पर वेतन भुगतान हो सके।

कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
