बिरनी: पेशम में बनेगा चिल्ड्रेन पार्क साथ ही सोलर लाइट से जगमग होगा पूरा बाजार
Last Updated on January 12, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। प्रखंड क्षेत्र के पूर्वी भाग की प्रमुख व्यवसायिक मंडी पेशम के दिन अब बदलने वाला है क्योंकि पेशम की गालियां सौर ऊर्जा से संचालित लाईटों से जगमग होगी। जिसकी जानकारी स्थानीय मुखिया श्रीमती रागिनी सिन्हा ने दिया।

आपको बता दें कि रागिनी सिन्हा ने बीते वर्ष 24 अक्टूबर को झारखण्ड सरकार के पर्यटन, कला, खेल एवं युवा मामले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को उक्त मांग रखते हुए एक मांग पत्र सौंपी थी, जिस मांग पत्र पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सोलर स्ट्रीट लाइट एवं चिल्ड्रेन पार्क निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे पूरे पंचायत क्षेत्र में खुशी की लहर है।
मुखिया रागिनी सिन्हा ने मांग पत्र के माध्यम से बस स्टैंड पेशम से पंचायत भवन तक सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग की थी, ताकि रात्रि के समय आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ हो। इसके साथ हीं पंचायत भवन के समीप बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क निर्माण की भी मांग रखी गई थी, जिससे बच्चों को खेलकूद और मनोरंजन के साथ साथ मानसिक और शारीरिक विकास हो सके।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया था कि इन दोनों कार्यों की स्वीकृति से पंचायत के सामाजिक एवं बुनियादी विकास को गति मिलेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा दोनों मांगों को स्वीकृति दिए जाने को पंचायत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।इस अवसर पर मुखिया रागिनी सिन्हा ने संबंधित विभाग एवं माननीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय पंचायत के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
