जमुआ-देवरी सीमा पर त्रिवेणी संगम में डुबने से दो बच्चों की मौत, होली खेलकर गए थे नहाने

0

Last Updated on March 5, 2026 by Gopi Krishna Verma

देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार के हैं दोनों बच्चे

गिरिडीह। जिले के जमुआ-देवरी प्रखंड की सीमा पर स्थित गोदावरी त्रिवेणी संगम में होली के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया।

बुधवार को स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। दोनों के शव करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नदी से बाहर निकाले जा सके। मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के चतरो बाजार गांव निवासी 18 वर्षीय करण कुमार और 17 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है।

होली खेलकर नहाने गए थे बच्चे

सूत्रों के अनुसार, करण और दीपक होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ त्रिवेणी संगम में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान वे नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया, लेकिन तब तक दोनों किशोर पानी में समा चुके थे। देखते-ही-देखते खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बेंगाबाद के खंडोली से आए गोताखोरों ने चार घंटे बाद निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और युवक नदी में उतरकर खोजबीन में जुट गए। बाद में बेंगाबाद के खंडोली से गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंची। लगभग चार घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

त्रिवेणी संगम पर सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग

जब दोनों किशोरों के शव गांव पहुंचे तो पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में मातम छा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से त्रिवेणी संगम पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और नदी के खतरनाक गहरे हिस्सों को चिह्नित करने की मांग की है।

वहीं कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर समय पर एनडीआरएफ की टीम पहुंच जाती तो दोनों किशोरों की जान बच सकती थी। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए वरीय अधिकारियों से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *