डीडीसी ने कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Last Updated on May 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
छात्र-छात्राओं को समय पर साइकिल एवं छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने पर विशेष जोर

गिरिडीह। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के क्रम में उप विकास आयुक्त ने साइकिल वितरण योजना, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रखंडवार प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ योग्य छात्र-छात्राओं तक पूरी पारदर्शिता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में वर्ग-8 में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत साइकिल उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत आच्छादित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सक्रियता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रगति में तेजी लाना सुनिश्चित करें। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा लाभुकों को योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने पर विशेष बल दिया। साथ ही कल्याण विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
