स्थापना दिवस पर धनवार में खेलों का रोमांच, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
Last Updated on November 20, 2026 by Gopi Krishna Verma
वॉलीबॉल, फुटबॉल से लेकर गेड़ी दौड़ और मटका दौड़ तक हुई प्रतियोगिताएं; खोरीमहुवा में अनुमंडल स्तरीय क्रिकेट मुकाबले का भी आयोजन

गिरिडीह। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर धनवार प्रखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से शुक्रवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पुनीत राय स्टेडियम, लालबाजार और हाई स्कूल मैदान में आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान प्रखंड स्तरीय वॉलीबॉल, फुटबॉल, गेड़ी दौड़, गुलेल और मटका दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, खोरीमहुवा अनुमंडल स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेलों में भी खिलाड़ियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भागीदारी की।

कार्यक्रम में खोरीमहुआ के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, धनवार बीडीओ, सीओ, धनवार 20 सूत्री अध्यक्ष, थाना प्रभारी, नगर अध्यक्ष विनय संथालिया समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने की पहल
आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़कर उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सौहार्द विकसित करना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। जिला प्रशासन की ओर से ऐसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
