जमुआ चौक स्थित मोबाइल दुकान में चोरी, लाखों का सामान लेकर चोर फरार
Last Updated on March 8, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। जमुआ चौक स्थित एमएस मोबाइल एंड गिफ्ट कॉर्नर में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर दुकान की छत तोड़कर अंदर घुसे और मोबाइल, एक्सेसरीज व नकदी सहित लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1:20 बजे की बताई जा रही है। चोरों ने दुकान की छत पर लगे अल्बस्टर को तोड़कर प्लाई सीलिंग को क्षतिग्रस्त किया और उसी रास्ते से दुकान के अंदर प्रवेश कर गए। अंदर घुसने के बाद चोरों ने व्यवस्थित ढंग से कई कीमती मोबाइल, ब्लूटूथ और अन्य सामान समेट लिया।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब दुकान पर मोती कुमार साहा के छोटे भाई पत्रकार उज्ज्वल कुमार साहा दुकान खोलने पहुंचे। दुकान के अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने देखा कि सीलिंग टूटी हुई है और छत का अल्बस्टर भी क्षतिग्रस्त है। वहीं एक हाफ पैंट भी दुकान के अंदर पड़ा मिला, जिसे संभवतः चोरों ने मुंह ढकने के लिए इस्तेमाल किया था।

दुकानदार के अनुसार दुकान से वीवो वाई-31 प्रो के दो नए मोबाइल, रियलमी सी-85 के दो नए मोबाइल, मरम्मत के लिए आए चार ग्राहकों के मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल, लगभग दस ब्लूटूथ डिवाइस तथा गल्ले में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद की चोरी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों को भी देखा जा रहा है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
