एकादशी उद्यापन पर निकली भव्य कलश यात्रा, 151 महिलाओं ने उठाया कलश
Last Updated on February 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

जमुआ। जमुआ प्रखंड के चित्तरडीह पंचायत अंतर्गत तरडीहा गांव में एकादशी उद्यापन के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। आयोजन बलराम पांडेय के आवास से शुरू हुआ, जिसमें 151 महिलाओं ने श्रद्धा व भक्ति भाव से कलश उठाकर भाग लिया।

भक्ति गीतों और जयकारों के बीच कलशधारी महिलाएं तरडीहा से कुम्हरगड़िया मार्ग होते हुए बुढ़िया नदी और उसरी नदी के बीच स्थित उत्तरवाहिनी घाट पहुंचीं, जहां विधिवत जल भरकर पूजा-अर्चना की गई। भीषण धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा।
इस दौरान कुम्हरगड़िया निवासी रवि वर्मा, संदीप वर्मा, मुकेश वर्मा, कुलदीप वर्मा एवं राहुल वर्मा ने घाट पर श्रद्धालुओं के लिए गुड़ का शरबत की व्यवस्था की। करीब 500 लोगों ने शरबत ग्रहण किया और युवाओं की सेवा भावना की सराहना की।

जल भरने के बाद सभी श्रद्धालु पुनः तरडीहा लौटे, जहां विधिवत पूजा एवं उद्यापन कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास व सामाजिक एकजुटता की झलक देखने को मिली।
