Last Updated on August 22, 2026 by Gopi Krishna Verma
सशक्त समुदाय ही सशक्त झारखंड की आधारशिला है। हर व्यक्ति का स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता हमारी प्राथमिकता है

गिरिडीह। जिला प्रशासन, गिरिडीह एवं THE/NUDGE संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गांडेय प्रखंड में इनसाईट प्रोग्राम के तहत उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कौशिक अप्पू, गांडेय के बीडीओ, सीओ, प्रखंड प्रमुख, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन एवं THE/NUDGE संस्था के सहयोग से करीब 100 लाभुकों के बीच चश्मे का वितरण किया गया। इस पहल का प्रमुख उद्देश्य प्रेसबायोपिया मुक्त झारखंड की दिशा में आगे बढ़ते हुए विशेषकर ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को नजदीक की दृष्टि संबंधी समस्या से राहत प्रदान करना तथा उनके दैनिक जीवन, कार्यक्षमता एवं उत्पादकता में सुधार लाना है।


उपायुक्त ने कहा-नज़दीक की साफ दृष्टि से बेहतर पढ़ाई, बेहतर काम और बेहतर कमाई की ओर कदम
अपने संबोधन में उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि इनसाईट प्रोग्राम के माध्यम से नजदीक की दृष्टि संबंधी समस्या से जूझ रहे लोगों को चश्मा उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण एवं जनोपयोगी पहल है। उन्होंने कहा कि देखने की क्षमता का सीधा संबंध व्यक्ति की पढ़ाई, कार्यक्षमता, रोजगार एवं आजीविका से है। जब किसी व्यक्ति को स्पष्ट दिखाई देता है, तो वह अपने कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से कर पाता है, जिससे उसकी उत्पादकता एवं आय में भी वृद्धि होती है। उपायुक्त ने कहा कि “नज़दीक की नज़र साफ होगी तो बेहतर पढ़ाई, बेहतर काम और बेहतर कमाई की राह आसान होगी। स्वास्थ्य से समृद्धि और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने में ऐसी पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
आगे उन्होंने कहा कि विधायक गांडेय कल्पना मुर्मू सोरेन को आज के कार्यक्रम में उपस्थित होना था; लेकिन अपरिहार्य कारणों से वे कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं। माननीय विधायक की सराहनीय पहल एवं जनहित की सोच के फलस्वरूप गांडेय में इनसाईट प्रोग्राम की शुरुआत संभव हो सकी है। यह पहल दृष्टि स्वास्थ्य के क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन जनकल्याण से जुड़ी ऐसी पहलों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सहयोगी संस्था को निर्देशित किया कि पात्र एवं जरूरतमंद लाभुकों तक इस कार्यक्रम का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि “सशक्त समुदाय ही सशक्त झारखंड की आधारशिला है। हर व्यक्ति का स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता हमारी प्राथमिकता है।”
समाज कल्याण योजनाओं का भी लाभ
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं के तहत 06 चयनित लाभुकों का उपायुक्त रामनिवास यादव के हाथों गोद भराई कार्यक्रम कराया गया। वहीं 05 बच्चों का अन्नप्राशन भी संपन्न कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लाभुक तक पहुंचे तथा स्वास्थ्य, पोषण, सामाजिक सुरक्षा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी बनाया जाए।




