Last Updated on July 1, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गिरिडीह द्वारा बुधवार को डॉ. आई. अहमद मेमोरियल आईएमए भवन में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में करीब 200 मरीजों ने विभिन्न रोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श और उपचार प्राप्त किया। जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया।
शिविर का उद्घाटन गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद एवं डॉ. रेखा झा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सकों की इस जनसेवा पहल की सराहना की।चिकित्सा शिविर में मेडिसिन, जनरल सर्जरी, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स), स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर में पहुंचे मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सकों का दायित्व केवल बीमारियों का इलाज करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना भी है। ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के प्रति चिकित्सकों की सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले प्रमुख चिकित्सकों में डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह, डॉ. एस.के. डोकानिया, डॉ. रियाज अहमद, डॉ. रितेश सिन्हा, डॉ. एम.डी. आज़ाद, डॉ. श्यामल कुमार, डॉ. वर्षा भारती, डॉ. उत्तम जलान, डॉ. मनीषा जलान, डॉ. संजीव एच. कुमार, डॉ. नूतन लाल, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रेखा झा, डॉ. आसिफ नज़र, डॉ. राम रतन केडिया, डॉ. श्रवण कुमार, डॉ. शशि भूषण एवं डॉ. अरविंद कुमार शामिल रहे।

आईएमए गिरिडीह के सचिव डॉ. रितेश सिन्हा ने शिविर की सफलता पर सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आईएमए गिरिडीह भविष्य में भी जरूरतमंद और वंचित लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे जनहितकारी चिकित्सा शिविरों का नियमित आयोजन करता रहेगा।




