Last Updated on October 6, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए गिरिडीह का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। जमशेदपुर के ऐतिहासिक मोहन आहूजा इंडोर स्टेडियम में 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक आयोजित Yonex Sunrise Jharkhand State Mini (U-11) एवं Sub-Junior (U-13) Badminton Championship-cum-Selection Trial 2026 में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया।
ट्विंकल कुमारी का शानदार प्रदर्शन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
बालिका क्रीड़ा किसलय केंद्र, गिरिडीह की उभरती खिलाड़ी ट्विंकल कुमारी ने अंडर-11 बालिका एकल (Singles) वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए उपविजेता (Runner-Up) का खिताब हासिल किया। इसके अलावा, ट्विंकल कुमारी और स्नेहा प्रिया की जोड़ी ने अंडर-11 बालिका युगल (Doubles) स्पर्धा में भी उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
इस शानदार प्रदर्शन के दम पर ट्विंकल कुमारी का चयन राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ट्विंकल की इस उपलब्धि में उनके कोच अभिषेक कुमार सिन्हा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण का बड़ा योगदान रहा, जिनकी देखरेख में खिलाड़ी ने अपनी तकनीकी दक्षता को निधारा।

काश्वी कृष्णा बनीं विजेता, अंडर-13 में बनाई राष्ट्रीय पहचान
इसी प्रतियोगिता में डे बोर्डिंग बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र, गिरिडीह की खिलाड़ी काश्वी कृष्णा ने अंडर-13 बालिका वर्ग में अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। काश्वी ने बालिका एकल में उपविजेता का स्थान हासिल किया, वहीं बालिका युगल वर्ग में शानदार जीत दर्ज करते हुए विजेता (Champion) का खिताब अपने नाम किया।
काश्वी कृष्णा का भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे डे बोर्डिंग केंद्र के प्रशिक्षक मुकेश कुमार की वर्षों की कड़ी मेहनत, कुशल मार्गदर्शन और समर्पण का हाथ रहा है।
जिले में खुशी की लहर, जिला खेल पदाधिकारी ने दी बधाई
दोनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने से गिरिडीह के खेल जगत और युवा खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिला खेल पदाधिकारी, गिरिडीह ने दोनों प्रतिभावान खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए कहा कि “जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। युवा खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य बालकों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।”




