गिरिडीह के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के चिताखारो में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब फैक्ट्री का किया भंडाफोड़
Last Updated on April 7, 2026 by Gopi Krishna Verma
70 लीटर स्पिरिट, 665 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब, 5 लीटर केरामेल, 4000 खाली बोतलें, 1000 कार्टून, 11000 ढक्कन और 1000 होलोग्राम सहित 15 लाख की सामग्री जब्त

गिरिडीह। उत्पाद विभाग ने जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई है। उपायुक्त राम निवास यादव के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने भरकट्टा थाना क्षेत्र के चिताखारो गांव में छापेमारी कर अवैध विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में गठित टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, चिताखारो गांव स्थित एक धान और भूसी के गोदाम में अवैध रूप से विदेशी शराब का निर्माण किया जा रहा था। इसी जानकारी के आधार पर उत्पाद विभाग, स्थानीय पुलिस और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

15 लाख की शराब बनाने वाली सामग्री जब्त
छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की। इनमें 370 लीटर स्पिरिट, 665 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब, 5 लीटर केरामेल, 4000 खाली बोतलें, 1000 कार्टून, 11000 ढक्कन और 1000 होलोग्राम शामिल हैं। जब्त की गई इन सभी सामग्रियों की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है।

इस मामले में परिसर मालिक राजेश यादव सहित बिक्कु साव, अजय साव और सुभाष यादव नामक चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। उनके साथ भरकट्टा थाना प्रभारी अमन कुमार, जिला बल, सशस्त्र बल और गृह रक्षक जवानों की टीम भी शामिल रही, जिन्होंने इस कार्रवाई को सफल बनाया।

लगातार चलाया जाएगा सख़्त अभियान
अवर निरीक्षक रवि रंजन ने बताया कि यह कार्रवाई उपायुक्त के निर्देश पर की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा और इस तरह के अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और आने वाले दिनों में ऐसे कारोबारियों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
