Last Updated on July 11, 2026 by Gopi Krishna Verma
प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज एवं ट्रेड लाइसेंस की समीक्षा, नगर आयुक्त ने समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति के दिए निर्देश

गिरिडीह। नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में राजस्व से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज, ट्रेड लाइसेंस सहित नगर निगम की राजस्व वृद्धि से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को वसूली अभियान में और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व संग्रह को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि 14 जुलाई से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व वसूली शिविर (कैम्प) आयोजित किए जाएं, ताकि नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज एवं ट्रेड लाइसेंस से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें तथा अधिक से अधिक लोग समय पर अपने कर एवं शुल्क का भुगतान कर सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, बकायेदारों से नियमित संपर्क स्थापित किया जाए तथा राजस्व वसूली अभियान की प्रतिदिन समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण एवं नए लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया को भी सरल एवं समयबद्ध बनाने पर विशेष बल दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों के सहयोग एवं अधिकारियों की सक्रियता से नगर निगम राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा, जिससे नगर क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाओं एवं जनहितकारी विकास कार्यों को और गति मिल सकेगी। बैठक में संबंधित पदाधिकारी एवं नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




