मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, 23 व 24 मई को चलेगा विशेष सत्यापन अभियान
Last Updated on May 22, 2026 by Gopi Krishna Verma
Unmapped मतदाताओं के सत्यापन हेतु जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित

गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत जिले के सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में Unmapped मतदाता सूची के सत्यापन एवं मैपिंग को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी आम मतदाताओं से अपील किया कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने नामों का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि दिनांक 23 मई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर Unmapped मतदाताओं की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। वहीं दिनांक 23 मई एवं 24 मई 2026 को विशेष सत्यापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षक प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा मतदाताओं की सहायता करेंगे। जिला प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, बीएलए एवं संबंधित अधिकारियों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके।

विशेष रूप से Absentee, Shifted, Dead एवं Duplicate (ASDD) मतदाताओं की पहचान एवं सूची तैयार करने की प्रक्रिया को गंभीरता से संचालित करने का निर्देश दिया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी मतदाता इस विशेष कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार से जुड़े विवरणों का सत्यापन सुनिश्चित करें।
