विश्व जल दिवस पर जल जीवन महोत्सव में पेशम मुखिया रागिनी सिन्हा हुई सम्मानित
Last Updated on March 22, 2026 by Gopi Krishna Verma

बिरनी। विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय जल जीवन महोत्सव कार्यक्रम में बिरनी प्रखंड अंतर्गत पेशम पंचायत की मुखिया रागिनी सिन्हा को उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता और जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई।

बताया गया कि गिरिडीह जिले से चयनित प्रतिनिधियों में दो महिला मुखिया को इस सम्मान के लिए चुना गया, जिनमें पेशम पंचायत की मुखिया श्रीमती रागिनी सिन्हा भी शामिल हैं। उनके द्वारा पंचायत स्तर पर जल प्रबंधन और जनजागरूकता के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त महोदय ने सभी जनप्रतिनिधियों से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया और कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हर घर तक स्वच्छ जल पहुंचाना संभव है।
