10वीं बोर्ड में इम्पीरियल पब्लिक स्कूल के छात्रों से आगे रही बेटियां
Last Updated on May 27, 2025 by Gopi Krishna Verma
बिरनी। इम्पीरियल पब्लिक स्कूल, बरमसिया मोड़ के विद्यार्थियों ने वर्ष 2025 की झारखंड बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, अभिभावकों और शिक्षकों को गौरवान्वित किया है। जैक बोर्ड में विद्यालय के दस विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर टॉप टेन में स्थान बनाया।
इन विद्यार्थियों में काजल कुमारी, दारकशा परवीन, सुरज कुमार वर्मा, टुनी कुमारी, अरविंद कुमार, प्रवीण कुमार, अंजुम परवीन, खुशी प्रिया, संजय यादव और रवि कुमार यादव शामिल हैं। इन छात्रों की मेहनत और लगन ने विद्यालय को एक नई ऊँचाई दी है। वहीं सीबीएसई बोर्ड में भी विद्यालय के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। कुल 24 छात्रों में से 22 ने 70% से अधिक अंक अर्जित किए थे, जो कि विद्यालय की गुणवत्ता और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है।विद्यालय के संस्थापक नागेश्वर प्रसाद वर्मा एवं चंद्रशेखर प्रसाद वर्मा ने सभी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रधानाध्यापक रोहित कुमार और उप प्रधानाध्यापक अशोक पासवान ने परीक्षा परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय की सकारात्मक शैक्षणिक संस्कृति का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने यह संकल्प लिया है कि आने वाले वर्षों में इसी लगन और समर्पण के साथ नई उपलब्धियों को छुआ जाएगा।





