झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा: गिरिडीह में खेल, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित
Last Updated on November 21, 2026 by Gopi Krishna Verma
गिरिडीह स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, 27 नवंबर को खंडोली तक साइकिलिंग व स्वच्छता अभियान

गिरिडीह। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जिला प्रशासन, गिरिडीह द्वारा जिले में खेलकूद, सांस्कृतिक और पर्यटन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, स्थानीय सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना और पर्यटन स्थलों के प्रति लोगों में जागरूकता विकसित करना है।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न तिथियों में निम्नलिखित आयोजन होंगे:
- 21 नवंबर: पूर्वाह्न 11:00 बजे गिरिडीह स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया जाएगा।

- 23 नवंबर: पूर्वाह्न 11:00 बजे नगर भवन, गिरिडीह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन पूर्वाह्न 11:00 बजे सी.एम. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सर जे.सी. बोस बालिका उच्च विद्यालय में क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता होगी।
- 27 नवंबर: पूर्वाह्न 8:00 बजे झंडा मैदान से खंडोली डैम तक साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद खंडोली पर्यटन स्थल पर साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।
