गिरिडीह में झारखंड स्थापना दिवस पर ‘Run For Cleanliness’ का आयोजन, डीसी और एसपी ने खुद की छठ घाट की सफाई

0

Last Updated on November 15, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज गिरिडीह जिले में स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘Run For Cleanliness’ (स्वच्छता दौड़) का आयोजन किया गया। ‘स्वच्छ झारखंड, विकसित झारखंड’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के तमाम बड़े अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

झंडा मैदान से शुरू हुई जागरूकता दौड़

उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता दौड़ का शुभारंभ सुबह 7:00 बजे स्थानीय झंडा मैदान से हुआ। यह दौड़ झंडा मैदान से शुरू होकर शास्त्रीनगर छठ घाट तक निकाली गई। इस दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता का संदेश देने वाली तख्तियों के साथ शहरवासियों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में महापौर प्रमिला मेहरा, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और सहायक समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने खुद उठाई झाड़ू, दिया श्रमदान का संदेश

दौड़ के समापन के बाद शास्त्रीनगर छठ घाट परिसर में एक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और महापौर समेत तमाम अधिकारियों ने खुद आगे आकर घाट परिसर की साफ-सफाई की।

इस पहल के जरिए आम जनता को यह कड़ा संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन या नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और अपने आसपास के परिवेश को साफ रखना हम सभी का कर्तव्य है।

डीसी ने की दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने की अपील

उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्वच्छता के महत्व पर जोर देते हुए जिलेवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और जनभागीदारी से ही एक स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित समाज का निर्माण संभव है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed