15 दिसंबर के बाद गिरिडीह में बंटेंगे कंबल, 68 हजार गरीबों को सर्दी से मिलेगी राहत; जानिए किस प्रखंड को कितने कंबल!

0

Last Updated on November 15, 2026 by Gopi Krishna Verma

जिले में कंबल वितरण की तैयारी पूरी, टेंडर प्रक्रिया भी संपन्न; जमुआ में सबसे अधिक 7,434 और तिसरी में सबसे कम 2,655 कंबल बांटे जाएंगे

गिरिडीह। ठंड बढ़ने के साथ ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने की तैयारी तेज हो गई है। इस बार गिरिडीह जिले के 68,133 जरूरतमंद लोगों को सरकार की ओर से कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। खास बात यह है कि कंबल वितरण को लेकर राज्य स्तर पर टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब लोगों को कंबल की आपूर्ति और वितरण शुरू होने का इंतजार है। विभागीय तैयारी के अनुसार, 15 दिसंबर के बाद जिले में कंबल वितरण शुरू होने की उम्मीद है।

सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से कंबल आपूर्ति करने वाली कंपनी को 45 दिनों के भीतर जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों तक कंबल पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए प्रखंडों और नगर निगम की ओर से लाभुकों की सूची जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को भेज दी गई है। इसी सूची के आधार पर प्रत्येक क्षेत्र के लिए कंबलों की संख्या निर्धारित की गई है।

जमुआ में सबसे ज्यादा, तिसरी में सबसे कम कंबल

कंबल वितरण के लिए निर्धारित संख्या पर नजर डालें तो जमुआ प्रखंड में सबसे अधिक 7,434 कंबल दिए जाएंगे। वहीं तिसरी प्रखंड में सबसे कम 2,655 कंबल आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा डुमरी और धनवार में 6,549-6,549, गिरिडीह प्रखंड में 5,310, बेंगाबाद में 4,425, गांडेय में 4,602, पीरटांड़ में 3,009, बगोदर में 3,894, सरिया में 3,717, बिरनी में 4,956, देवरी में 4,779 और गावां में 3,009 कंबल वितरित किए जाएंगे।

पंचायतों और शहरी वार्डों से होगा वितरण

कंबल की आपूर्ति प्रखंड कार्यालयों और नगर निगम तक होने के बाद पंचायतों तथा शहरी वार्डों के माध्यम से चिह्नित लाभुकों के बीच वितरण किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य है कि ठंड का प्रकोप बढ़ने से पहले जरूरतमंद परिवारों तक कंबल पहुंच जाए।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक कौशिक अप्पू के अनुसार, कंबल वितरण को लेकर टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कंबल की आपूर्ति होते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा। अब सबकी नजर इस बात पर है कि निर्धारित समय पर कंबल जरूरतमंदों तक पहुंच पाते हैं या नहीं।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed