गिरिडीह में नौकरी का मौका! पौधा संरक्षण विभाग में 6 पदों पर बहाली, 10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन
Last Updated on November 3, 2026 by Gopi Krishna Verma
₹11,851 रुपये मासिक मानदेय पर होगी नियुक्ति, जानिए किन अभ्यर्थियों को मिलेगी प्राथमिकता और कब तक करना होगा आवेदन

गिरिडीह। नौकरी की तलाश कर रहे गिरिडीह के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत पौधा संरक्षण पदाधिकारी कार्यालय, गिरिडीह की ओर से फसल रक्षक (कामदार) के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल छह पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। खास बात यह है कि न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक निर्धारित की गई है।
कार्यालय द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 01/2026-27 के अनुसार, नियुक्ति मानदेय/पारिश्रमिक आधारित होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 11,851 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

किस वर्ग के लिए कितने पद
जारी विज्ञापन के अनुसार कुल छह रिक्तियों में चार पद अनारक्षित वर्ग के लिए हैं। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए एक तथा पिछड़ा वर्ग (BC-II) के लिए एक पद निर्धारित किया गया है। प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार रिक्तियों की संख्या में बदलाव भी किया जा सकता है।
10वीं पास के साथ ये योग्यताएं भी जरूरी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान से मैट्रिक अथवा माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के अंतर्गत कृषि एवं उद्यान निदेशालय से कम से कम पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त होना चाहिए।

स्थानीय भाषा की जानकारी, साइकिल चलाने तथा पेड़ पर चढ़ने की दक्षता भी अनिवार्य योग्यता में शामिल है। आवेदक का गिरिडीह जिले का स्थानीय निवासी होना जरूरी है। संबंधित प्रखंड के स्थानीय अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
16 नवंबर तक ही मौका, इसके बाद आवेदन नहीं
विज्ञापन के अनुसार आवेदन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 16 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक अपना आवेदन निबंधित डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से कार्यालय में जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित है, जबकि अधिकतम आयु सीमा विभिन्न श्रेणियों के लिए सरकारी नियमों के अनुसार लागू होगी।

कहां मिलेगी पूरी जानकारी
भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी गिरिडीह जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.giridih.nic.in तथा कार्यालय कनीय पौधा संरक्षण पदाधिकारी, गिरिडीह के सूचना पट्ट पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले विज्ञापन में निर्धारित सभी योग्यताओं और शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।
नोट: यह नियुक्ति मानदेय आधारित है। विज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि इससे भविष्य में नियमित नियुक्ति, स्थायीकरण अथवा नियमित सरकारी कर्मचारी के समान सेवा लाभ का स्वतः अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
