गिरिडीह: बंद खदान के गहरे पानी में डूबने से 40 वर्षीय मनोज यादव की मौत, 24 घंटे बाद ग्रामीणों ने निकाला शव

0

Last Updated on October 30, 2026 by Gopi Krishna Verma

पशु चराने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा, गदर गांव में पसरा मातम

गिरिडीह। जिले के गावां प्रखंड अंतर्गत गदर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बंद खदान के गहरे पानी में डूबने से 40 वर्षीय मनोज यादव की शुक्रवार को मौत हो गई। मृतक मनोज यादव स्वर्गीय चन्दर यादव के बेटे थे।

गुरुवार दोपहर से थे लापता

मिली जानकारी के अनुसार, मनोज यादव गुरुवार दोपहर को घर से पशुओं को चराने के लिए निकले थे। गदर पंचायत भवन के पीछे स्थित बंद खदान के पास अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में जा गिरे। पानी की गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके।

महिलाओं के शोर मचाने पर जुटे ग्रामीण

घटना के समय आसपास कुछ महिलाएं भी पशु चरा रही थीं, जिन्होंने मनोज को खदान में गिरते देख शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन गुरुवार को उनका कुछ पता नहीं चल पाया था।

24 घंटे बाद खदान से पानी निकालकर निकाला गया शव

शुक्रवार को एक बार फिर बचाव अभियान चलाया गया। खदान से करीब चार से पांच फीट पानी निकालने के बादझगड़ (हथियार/कांटा नुमा साधन) डालकर शव की तलाश की गई। कुछ देर बाद शव झगड़ में फंस गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

घटना की सूचना मिलने पर गावां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह भेज दिया गया है। इस अचानक हुई दुर्घटना के बाद से गदर गांव में शोक का माहौल है।

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed