गिरिडीह में 3 नवंबर को भाजपा निकालेगी “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा, जिला कार्यालय में हुई तैयारी बैठक
Last Updated on October 30, 2026 by Gopi Krishna Verma
अमर बाउरी ने भरा कार्यकर्ताओं में जोश, झंडा मैदान से अंटा बंगला तक निकलेगी विशाल पदयात्रा

गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार आगामी 03 नवंबर को गिरिडीह में आयोजित होने वाली ऐतिहासिक एवं शांतिपूर्ण “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ” पदयात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा जिला कार्यालय, हरिचक (गिरिडीह) में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय ने की, जबकि मंच संचालन ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने किया।
कुशासन और अराजकता के खिलाफ जन-आंदोलन का शंखनाद
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में लोकतंत्र की मर्यादाओं को खंडित किया जा रहा है और आम जनता अराजकता से त्रस्त है।
उन्होंने कहा,
“यह अभियान केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि जन-आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है। 03 नवंबर को गिरिडीह की सड़कों पर उमड़ने वाला जनसैलाब यह स्पष्ट संदेश देगा कि जनता अब किसी भी प्रकार के कुशासन को बर्दाश्त नहीं करेगी। प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर आमजन को इस शांतिपूर्ण पदयात्रा से जोड़े।”
झंडा मैदान से निकलकर अंटा बंगला पहुंचेगी पदयात्रा
पूर्व विधायक निर्भय कुमार शाहबादी ने कहा कि गिरिडीह हमेशा से संघर्षों और जनआंदोलनों की भूमि रही है। यह पदयात्रा जिले के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी और दमन, भ्रष्टाचार व अराजक नीतियों के खिलाफ आम जनता के आक्रोश की गूंज बनेगी।

महानगर जिलाध्यक्ष रंजित कुमार राय और ग्रामीण जिलाध्यक्ष महन्द्र वर्मा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि पदयात्रा झंडा मैदान से शुरू होकर अंटा बंगला पहुंचेगी, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो जाएगी। उन्होंने बताया कि महानगर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी 39 मंडलों के कार्यकर्ताओं, व्यापारियों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और मातृशक्ति में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह है।
बैठक में इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस तैयारी बैठक में ग्रामीण जिला प्रभारी सरोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप कुमार वर्मा, शालिनी वैश्यखार, पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा, प्रदेश कार्य समिति सदस्य दिनेश यादव, प्रकाश सेठ, विनय सिंह, सुरेश साव, मनोज साव, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, पूर्व महापौर सुनील पासवान, प्रो. विनीता कुमारी सहित जिला पदाधिकारी और सैकड़ों सक्रिय नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
