केएन बक्शी कॉलेज के प्रशिक्षु शिक्षकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, नुक्कड़ नाटक से ई-कचरे के दुष्प्रभावों पर किया जागरूक
Last Updated on October 27, 2026 by Gopi Krishna Verma
उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, शहरपुरा में एनसीटीई के निर्देश पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

नवडीहा। “स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण ही बेहतर शिक्षा एवं स्वस्थ जीवन का आधार है”—इसी मुख्य संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को केएन बक्शी कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रशिक्षु शिक्षकों ने विभिन्न आवंटित विद्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया। राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के निर्देशानुसार अवलोकन कक्षा के तहत इस अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ई-कचरे के दुष्प्रभावों पर प्रस्तुत किया नुक्कड़ नाटक
अभियान के दौरान उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, शहरपुरा में प्रशिक्षु शिक्षकों—रंजीत कुमार, मनीषा कुमारी और प्रियंका कुमारी—द्वारा ई-कचरे (E-Waste) के दुष्प्रभावों पर एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे के उचित निपटान, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। नाटक के बाद विद्यालय के कक्षा-कक्षों और पूरे परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

इस स्वच्छता अभियान में कक्षा नौवीं के छात्र कृष्णा कुमार यादव, हिमांशु कुमार वर्मा और आयुष कुमार सहित अन्य विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित त्रिपाठी के साथ-साथ बिनोद महतो, देवेंद्र कुमार वर्मा, नेतलाल कुमार यादव, अनिल वर्मा, पवन वर्मा, साजिद, गोवर्धन कुमार और प्रवीण वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
