Last Updated on October 16, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव के निर्देश और उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के मार्गदर्शन में, उत्पाद विभाग की टीम ने बगोदर थाना क्षेत्र के हथियापाथर (सरिया रोड) इलाके में एक अवैध विदेशी शराब निर्माण इकाई (फैक्ट्री) का उद्भेदन किया है। लगभग पांच घंटे तक चले इस मैराथन छापेमारी अभियान में पुलिस और उत्पाद विभाग ने भारी मात्रा में अवैध शराब और निर्माण सामग्री जब्त की है।

अवैध शराब और निर्माण सामग्री की बड़ी खेप बरामद
उत्पाद अधीक्षक गिरिडीह, शिव कुमार साहू ने जानकारी दी कि छापेमारी के दौरान मौके से बड़े पैमाने पर अवैध विदेशी शराब और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया है।
कार्रवाई के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की गईं:
- तैयार अवैध शराब: विभिन्न ब्रांडों की सीलबंद कांच, प्लास्टिक की बोतलों और टेट्रापैक में करीब 800 कार्टन, जिसकी अनुमानित मात्रा 7,200 लीटर है।
- रंगीन विदेशी शराब: ड्रम में तैयार अवस्था में रखी करीब 100 लीटर शराब।
- अवैध स्पिरिट: करीब 350 लीटर स्पिरिट।
- पैकेजिंग सामग्री: खाली कांच और प्लास्टिक की बोतलें, करीब 8,000 पीस ढक्कन, 10,000 पीस होलोग्राम/आसंजक, और 15,000 पीस विभिन्न ब्रांडों के लेबल।
- उपकरण: करीब 5 लीटर कैरामेल और 2 पीस पंचिंग मशीन।
दो आरोपियों की हुई पहचान, पुलिस कर रही है तलाश
छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण और संचालन में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनकी पहचान नंदू साव (निवासी- हथियापाथर, बगोदर, गिरिडीह) और धनेश्वर प्रसाद (निवासी- झुमरा, जिला- हजारीबाग) के रूप में हुई है।

घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं। जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग द्वारा उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
जिला प्रशासन की दो टूक: अवैध कारोबारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह सख्ती आगे भी लगातार जारी रहेगी। आम जनता की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इस महत्वपूर्ण छापेमारी अभियान में अवर निरीक्षक उत्पाद (सदर अंचल, गिरिडीह) सुमितेश कुमार, अवर निरीक्षक उत्पाद (बगोदर अंचल) महेश कुमार दास, अवर निरीक्षक रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण कुमार महतो, बगोदर थाना के पुलिसकर्मी तथा गृहरक्षा वाहिनी के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।




