Last Updated on October 5, 2026 by Gopi Krishna Verma
श्रम एवं नियोजन विभाग की पहल: छह कंपनियों ने हिस्सा लेकर युवाओं का किया चयन, स्थानीय युवाओं में दिखा भारी उत्साह

गिरिडीह।झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल कैरियर सेंटर, गिरिडीह परिसर में सोमवार को भर्ती कैंप-2026 का सफल आयोजन किया गया। इस भर्ती कैंप में जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मंजित के स्वागत भाषण के साथ हुई। भर्ती कैंप में कुल छह प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों ने भाग लिया, जिन्होंने योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया।
64 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन, 18 शॉर्टलिस्ट
आयोजित भर्ती प्रक्रिया के दौरान कुल 64 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 18 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को आगामी साक्षात्कार (Interview) के बाद अंतिम चयन पत्र (Offer Letter) प्रदान किया जाएगा।

किस कंपनी ने कितने युवाओं को चुना:
- Freedom Employability Academy: 6 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन एवं 10 शॉर्टलिस्ट।
- Sharmln Talent Pvt. Ltd. (Hiring for Genus): 18 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन।
- Credit Access Grameen Ltd: 12 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन एवं 5 शॉर्टलिस्ट।
- Dusky Stallion Education and Training Services (DSETS) Pvt. Ltd.: 16 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन।
- Birsa Super Security Solution Pvt. Ltd.: 12 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन।
- JAI Maa Tara Security Guard Services Pvt. Ltd.: 3 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया।

30 अक्टूबर को लगेगा जिलास्तरीय रोजगार मेला
जिला नियोजन पदाधिकारी मनोज मंजित ने भर्ती कैंप में स्थानीय युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने युवाओं के हित में एक बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि 30 अक्टूबर 2026 को जिला स्तर पर एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई अन्य राष्ट्रीय व स्थानीय कंपनियां शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला नियोजनालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।




