Last Updated on September 16, 2026 by Gopi Krishna Verma

गिरिडीह। युवा शक्ति फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य एवं आदर्श कोचिंग सेंटर (सरोन) के संचालक रोहित विश्वकर्मा ने अपने 25वें जन्मदिन को एक अनोखे और प्रेरणादायी अंदाज में मनाया। इस अवसर पर उन्होंने जमुआ विधानसभा क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव बुधुवाडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और बिहार सीमा पर स्थित बसमत्ता विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों के बीच कॉपी, कलम, पेंसिल सहित विभिन्न शैक्षणिक सामग्रियां बांटीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां साझा की गईं, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे।

शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना मुख्य उद्देश्य
रोहित विश्वकर्मा ने बताया कि बच्चों के बीच खुशियां बांटकर ही उन्हें अपने जन्मदिन का असली संतोष मिलता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।
सामाजिक बदलाव की मुहिम
युवा शक्ति फाउंडेशन के कोर कमेटी सदस्य अजीत वर्मा ने कहा कि फाउंडेशन के सदस्य अक्सर अपने जन्मदिन जैसे खास अवसरों पर सामाजिक कार्य करते हैं। संस्था का प्रमुख उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों की मदद करना है।
वहीं शिव कुमार और समाजसेवी नरेश वर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से समाज में एक सकारात्मक संदेश जाता है। इससे अन्य लोग भी अपने विशेष दिनों को फिजूलखर्ची के बजाय समाज सेवा के जरिए यादगार बनाने के लिए प्रेरित होंगे।
इस मौके पर पिंटू वर्मा, राकेश वर्मा, शिव कुमार, अजीत वर्मा और नरेश वर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




